'बिग बॉस-4' में काम के लिए मां से ली सलाहः सलमान
नई दिल्ली। बॉलीवुड़ के बड़े पर्दे पर 'दबंग' के रूप में अपनी छाप छोड़ने के बाद कलर्स टेलीविजन के रिएलिटी शो 'बिग बॉस' के चौथे संस्करण की मेजबानी कर रहे मशहूर अभिनेता सलमान खान का कहना है कि इसमें शामिल होने से पहले उन्होंने अपनी मां से परामर्श लिया था। सलमान ने बताया कि मैंने अपनी मां (सलमा) से शो के बारे में परामर्श लिया था और उन्होंने मुझे इजाजत दे दी।
सलमान ने यह भी कहा कि बिग बॉस-4 के दौरान वह अपने व्यक्तित्व में किसी तरह का बदलाव नहीं करेंगे। कलर्स टेलीविजन पर यह कार्यक्रम रविवार को शुरू हो गया लेकिन बिग बॉस के चौथे संस्करण में पाकिस्तानी प्रतिभागियों के शामिल किए जाने की वजह से विवाद पैदा हो गया है। छोटे पर्दे पर रिएलिटी शो 'दस का दम' के दो संस्करणों की मेजबानी करने के बाद अब 'बिग बॉस-4' की मेजबानी करने वाले सलमान ने कहा कि आप कह सकते हैं कि मैंने टेलीविजन पर मौके को सही तरीके से भुनाया लेकिन मेरे लिए मेरे प्रशंसक सबसे अधिक महत्व रखते हैं। अपने घरों में काफी आराम से टेलीविजन स्क्रीन पर मुझे देखकर वह काफी आनंद लेते हैं।
रिएलिटी शो 'दस का दम' से 'बिग बॉस-4' में क्या अलग था। इस सवाल के जवाब में सलमान ने कहा कि दस का दम कार्यक्रम एक खेल की तरह था और बिग बॉस पूरी तरह से अलग है। यहां आपको दूसरों की गतिविधियों और उनकी भावनाओं पर निगाह रखनी होती है। सलमान से यह पूछे जाने पर कि वह बिग बॉस के इस चौथे संस्करण में क्या अलग कराना चाहेंगे। इस पर सलमान ने कहा कि मैं अपने आपको सौ फीसदी वैसा ही प्रस्तुत करूंगा जैसा मेरा व्यक्तित्व है लेकिन मैं यह वादा करता हूं कि दर्शकों को यह काफी अच्छा लगेगा।
هدف من از ایجاد وبلاگ این است که آن چه را که خود یاد گرفتم به دوستان علاقه مند به هندوستان آموزش زبان آن کشور رابیاموزم.