नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। राजधानी दिल्ली, मुंबई, बेंगलूर और पुणे सहित देश के कई प्रमुख शहरों में बम धमाके कर पांच सौ से ज्यादा लोगों की जान लेने वाले इंडियन मुजाहिदीन [आईएम] को आखिरकार गृह मंत्रालय ने आतंकी संगठन घोषित कर दिया है। सरकार के इस फैसले के साथ ही इस संगठन से परोक्ष रूप से जुड़े या इसकी किसी भी तरह मदद करने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जा सकेगी। पिछले कुछ वर्षो में देश में इसी संगठन ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है।
गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को गैर कानूनी गतिविधियां रोकथाम कानून [यूएपीए], 1967 के तहत आदेश जारी कर आईएम को भी आतंकवादी संगठनों की सूची में शामिल कर लिया। गृह मंत्रालय के इस कदम के साथ ही आईएम भी जैश-ए-मुहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे संगठनों की सूची में शामिल हो गया है। गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, यह संगठन पिछले पांच साल से देश में तबाही मचा रहा है। लेकिन आतंकवादी संगठनों की सूची में नाम शामिल करने से पहले इसके खिलाफ ठोस सुबूत जुटाना जरूरी था। हालांकि अभी भी एक महीने के अंदर इन सुबूतों को दिल्ली हाई कोर्ट के जज की अध्यक्षता वाले प्राधिकरण में पेश करना होगा, जहां इस बात की समीक्षा होगी कि संगठन के खिलाफ पेश किए गए सुबूत काफी हैं या नहीं। अब तक कुल 35 संगठन इस सूची में शामिल किए जा चुके हैं।
इंडियन मुजाहिदीन पिछले कुछ वर्षो के दौरान देश में सबसे ज्यादा तबाही मचाने वाला संगठन बन कर उभरा है। यहां तक कि सबसे हाल में बेंगलूर में आईपीएल मुकाबलों के दौरान स्टेडियम के बाहर हुए धमाकों के पीछे भी इसी संगठन के आतंकियों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट आफ इंडिया [सिमी] से ही अलग हुए कुछ आतंकियों ने यह संगठन खड़ा किया है। लेकिन नए नाम के साथ ही उनकी कार्यशैली भी काफी बदल गई है। इन दिनों यह सीधे पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के निर्देश और मदद से चलता है।
बड़ी आतंकी वारदातों में आईएम का हाथ
23 फरवरी 2005 : वाराणसी बम विस्फोट, आठ घायल
2005 : दिल्ली में दीवाली से ठीक पहले सरोजनी नगर मार्केट में विस्फोट में 66 की मौत
2006 : मुंबई लोकल ट्रेन सीरियल धमाके, 187 मरे
23 नवंबर 2007 : उत्तार प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी, फैजाबाद कोर्ट में सिलसिलेवार धमाके, 18 की मौत
13 मई 2008 : जयपुर विस्फोट, 80 मरे, 216 घायल
25 जुलाई 2008 : बेंगलूर धमाका, दो मरे
26 जुलाई 2008 : अहमदाबाद सिलसिलेवार धमाके, 56 की मौत, 200 घायल
13 सितंबर 2008 : दिल्ली में गफ्फार मार्केट, सेंट्रल पार्क, बारहखम्बा रोड और ग्रेटर कैलाश मार्केट में सिलसिलेवार धमाके, 30 की मौत
13 फरवरी 2010 : पुणे जर्मन बेकरी विस्फोट, 17 मरे
هدف من از ایجاد وبلاگ این است که آن چه را که خود یاد گرفتم به دوستان علاقه مند به هندوستان آموزش زبان آن کشور رابیاموزم.